गांधीनगर : मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में देश की पहली सेमीकंडक्टर चिप गुजरात में बनेगी : भूपेन्द्र पटेल

‘गुजरात सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस 2024’ का शुभारंभ

गांधीनगर : मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में देश की पहली सेमीकंडक्टर चिप गुजरात में बनेगी : भूपेन्द्र पटेल

गांधीनगर, 19 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को गांधीनगर में ‘गुजरात सेमीकनेक्ट कॉन्फ्रेंस 2024’ का शुभारंभ कराते हुए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को अधिक संगीन व सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले कुछ समय में मेक इन इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत के प्रतीक के रूप में देश की पहली सेमीकंडक्टर चिप गुजरात में बनेगी। राज्य सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में शुक्रवार को इस एक दिवसीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था।

डोमेस्टिक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम पर फोकस

गुजरात सेमीकडंक्टर पॉलिसी (2022-27) तथा गुजरात इलेक्ट्रॉनिक्स पॉलिसी (2022-28) के अनुरूप डोमेस्टिक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के विकास एवं भारत सरकार के सेमीकंडक्टर कार्यक्रम को गति के उद्देश्य से आयोजित इस कॉन्फ्रेंस के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने वाला है।

इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन

पटेल ने कहा कि विश्व को आज रिलायेबल तथा ट्रस्टेड चिप सप्लाई चेन की आवश्यकता है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के इरादे के साथ इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि गुजरात ने देशभर के राज्यों में सर्वप्रथम रहते हुए वर्ष 2022 में गुजरात सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू की है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि धोलेरा भी प्रथम ग्रीनफील्ड स्मार्ट सिटी बनने वाला है और राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए धोलेरा में प्लग एंड प्ले सुविधा विकसित की है।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश के लिए 76,000 करोड़ रुपए की सब्सिडी : एस.कृष्णन

केन्द्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग के सचिव एस. कृष्णन ने कहा कि पिछले एक वर्ष से भारत ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में विभिन्न निवेशों को हासिल करने में विशेष उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं, जिसमें गुजरात अग्रसर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा इंडियन सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश के लिए 76,000 करोड़ रुपए की सब्सिडी घोषित की गई है। इसमें राज्य सरकारें भी अपना योगदान देंगी। माइक्रॉन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरशरण सिंह ने कहा कि भारत को सेमीकंडक्टर हब बनाने में गुजरात निर्णायक भूमिका निभा रहा है। गुजरात के मुख्य सचिव राज कुमार ने भी विचार रखे।

11 बिलियन अमेरिकन डॉलर के निवेश : टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के सीईओ रणधीर ठाकुर ने कहा, “हमारी कंपनी गुजरात के धोलेरा में 11 बिलियन अमेरिकन डॉलर के निवेश के साथ सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने जा रही है, जो गुजरात के लगभग 20,000 से अधिक युवाओं को रोजगार देगी। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स धोलेरा में भारत के प्रथम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इनेबल्ड स्टेट ऑफ द आर्ट फैब की स्थापना करेगी।” ट्यूब इन्वेस्टमेंट के चेयरमैन अरुण मुरुगप्पन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत@2047’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ को साकार करने में सेमीकंडक्टर क्षेत्र बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रधान सचिव मोना खंधार ने स्वागत संबोधन में कहा कि इस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भारत व गुजरात में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अधिक अवसरों का निर्माण होगा। इस कॉन्फ्रेंस के दौरान 8 थीम आधारित तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जो सेमीकंडक्टर उद्योग में निर्णायक क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रित करते हैं। कार्यक्रम में वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव जे. पी. गुप्ता, गुजरात स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स मिशन के प्रबंध निदेशक मनीष गुरवानी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उच्चाधिकारी, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े प्रतिष्ठित उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags: Gujarat