भोपाल : प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान बना जन आंदोलन : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने इंदौर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान अंतर्गत वृहद पौधरोपण समारोह को किया सम्बोधित

भोपाल : प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान बना जन आंदोलन : अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान अब पूरे देश में जन आंदोलन बन गया है। यह अभियान हमारी धरती मां के प्रति हमारी श्रद्धा के भाव का प्रकटीकरण हैं। आज पूरे देश में हर व्यक्ति अपनी मां और धरती मां दोनों के नाम से पौधा लगाकर उन्हें प्रणाम कर रहा है। मध्यप्रदेश का इंदौर पहले से स्वच्छता, स्वाद, सहयोग, सुशासन और सहभागिता के लिए जाना जाता हैं। आज से इंदौर एक पेड़ मां के नाम अभियान में वृहद पौधरोपण के लिए भी देश भर में जाना जाएगा।

यह बात केन्‍द्रीय गृह मंत्री शाह ने रविवार को इंदौर के रेवती रेंज परिसर में आयोजित एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 11 लाख पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। अमित शाह ने कहा कि इंदौर में 24 घंटे में 11 लाख पौधे रोपने का यह विश्व विक्रम पुण्य श्लोक देवी अहिल्याबाई की नगरी इंदौर को नए कीर्तिमान के साथ पूरे विश्व में प्रसिद्ध करेगा। उन्होंने कहा कि पौध-रोपण करना सरल है, लेकिन उन्हें बड़ा करना कठिन। पौध-रोपण करने वाले सभी प्रतिभागियों से आग्रह है कि वे लगाए गए पौधों का अपने बेटे की तरह पालन करें। यही वृक्ष आगे एक मां की तरह आपकी चिंता करेगा। उन्होंने कहा कि 51 लाख पौधे लगाना और एक ही दिन में 11 लाख पौधे लगाना अपने आप में अभूतपूर्व हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठे आयोजन के लिये इंदौरवासियों को शुभकामनाएं और बधाई दी।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण तथा सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा, फिल्म निर्देशक, निर्माता और लेखक नीरज पाठक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री शाह ने विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि अभिनेता रणदीप हुड्डा द्वारा चलचित्र के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर जी को चिरंजीवी बनाने का काम किया है। अभिनेता हुड्डा ने केंद्रीय गृहमंत्री शाह को पीतल से बनी न्याय संहिता भेंट की।

इंदौर ने पेश की समन्वित प्रयासों की अनूठी मिसाल

शाह ने कहा कि इंदौर स्मार्ट सिटी, मेट्रो सिटी, क्लीन सिटी, मॉडर्न एजुकेशन का हब बनने के बाद अब ग्रीन सिटी के नाम से भी जाना जाएगा। जन सहभागिता से ही किसी भी अभियान को सफल बनाया जा सकता है, जो इंदौर ने पुनः कर दिखाया है। पौध-रोपण के इस पुनित अभियान में इंदौर के युवा महापौर ने समाज के हर जाति, वर्ग को जोड़ने का काम किया है। इंदौर में पीपल, बरगद, नीम आदि लंबी आयु के पौधों के रोपण के साथ अमरूद, करोंद, सीताफल, आंवला जैसे औषधीय गुणों वाले पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। साथ ही रेवती रेंज परिसर में तीन तालाब बनाकर उनकी सिंचाई की व्यवस्था को भी सुनिश्चित किया गया है।

सीएपीएफ के जवानों ने किया 5 करोड़ 21 लाख पौधे लगाने का उल्लेखनीय काम

उन्‍होंने सीएपीएफ के जवानों को मनपूर्वक सैल्यूट करते हुए कहा कि सीएपीएफ के जवानों द्वारा कन्याकुमारी से लेकर नॉर्थ ईस्ट और बंगाल से लेकर गुजरात तक विगत वर्ष 5 करोड़ 21 लाख पौधे लगाने का सराहनीय काम किया है। इसी प्रकार 2024 तक एक करोड़ पौधे और लगाकर 6 करोड़ पौधे लगाने का काम पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्र और पुराण हमें वृक्ष के महत्व बताते हैं। मत्स्यपुराण में कहा गया है कि 10 कुओं के बराबर एक बावड़ी, 10 बावड़ी के बराबर एक तालाब, 10 तालाब के बराबर एक पुत्र और 10 पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता हैं। इस प्रकार वृक्ष लगाने के पुण्य को समझाने का काम किया हैं।

पीछे मुड़कर आने वाली पीढ़ी को देखें

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि पीछे मुड़कर आने वाली पीढ़ी को देखें। पर्यावरण संरक्षण आज पूरी दुनिया के लिए चिंता बना हुआ है। कार्बन डाइऑक्साइड और कार्बन मोनोऑक्साइड ने ओजोन के स्तर को कम करने का काम किया हैं, जिससे पृथ्वी पर गर्मी बढ़ने लगी है और जलवायु परिवर्तन को अनुभव किया जा रहा हैं। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाए गया एक पेड़ माँ के नाम अभियान जलवायु परिवर्तन के प्रति सटीक जवाब हैं।

मध्यप्रदेश भारत का लंग्स

शाह ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। मध्यप्रदेश भारत का लंग्स है जो पूरे देश को आक्सीजन देने का काम करता है। प्रदेश का 31% क्षेत्र फॉरेस्ट कवर में आता है और पूरे देश का कुल 12% फॉरेस्ट कवर मध्यप्रदेश में हैं, जिससे मध्य प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। प्रदेश में 6 टाइगर रिजर्व, 11 नेशनल पार्क और 24 अभ्यारण है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कूनो अभ्यारण्य में चीते भी लाए गए हैं।

पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में लिए गए कई इनीशिएटिव

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 में वन अर्थ, वन फैमिली और वन फ्यूचर के साथ ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस जैसे कई इनिशिएटिव लिए हैं, जिससे यूएन ने प्रधानमंत्री मोदी को 'चैंपियन ऑफ अर्थ' का पुरस्कार भी दिया है।

मध्यप्रदेश का बजट किसान और विकास के मध्य संतुलन को दर्शाता है

शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही मध्यप्रदेश में अधोसंरचना, शिक्षा, आर्थिक स्थिरता आदि क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में 3 लाख 65 हजार करोड़ राशि का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है, जो किसान और विकास दोनों के मध्य संतुलन को दर्शाता है। केंद्रीय मंत्री शाह ने मध्यप्रदेश सरकार और समस्त आयोजकों को इस आयोजन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।