नेपाल : त्रिशुली नदी में गिरी दो बसों और 65 यात्रियों का 15 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी सुराग नहीं

अंधेरा होने के कारण आज तलाशी का काम बन्द कर दिया गया, कल सुबह फिर शुरू होगा रेस्क्यू ऑपरेशन

नेपाल :  त्रिशुली नदी में गिरी दो बसों और 65 यात्रियों का 15 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी सुराग नहीं

काठमांडू में त्रिशुली नदी में शुक्रवार सुबह 65 यात्रियों के साथ गिरी दो यात्री बसों के 15 घंटे बाद भी ना तो बस का कोई सुराग मिला है और ना ही एक भी यात्री के बारे में कुछ पता लग पाया है। अंधेरा होने के कारण आज तलाशी का काम बन्द कर दिया गया है। कल सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन किया जाएगा।इस ऑपरेशन में नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के 12 गोताखोरों और 100 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है।

नेपाल पुलिस के अनुसार शुक्रवार को तड़के 3 बजे के करीब दो यात्री बसें दुर्घटनाग्रस्त होकर त्रिशुली नदी में गिर गई थी। इनमें से एक बस बीरगंज से काठमांडू की तरफ आ रही थी और दूसरी बस और काठमांडू से गौर की तरफ जा रही थी। दोनों यात्री बसें भूस्खलन की चपेट में आने के कारण नदी में गिरी थीं। इस दुर्घटना के 6 घंटे बाद राहत व बचाव दल दुर्घटनास्थल पर पहुंचा था। नेपाली सेना, सशस्त्र पुलिस बल के गोताखोरों और 100 से अधिक सुरक्षा बलों के लगातार 15 घंटे तक खोजी कार्य किए जाने के बावजूद अब तक ना ही दोनों बसें मिली हैं और ना ही इन बसों में सवार 65 यात्रियों के बारे में कोई सुराग मिल पाया है। 15 घंटे की मशक्कत के बाद सिर्फ बस की खिड़की का पर्दा हाथ लगा है।

सशस्त्र प्रहरी बल के डीआईजी पुरुषोत्तम थापा ने बताया कि गोताखोरों ने नदी के बहाव की दिशा में 10 किलोमीटर तक खोजबीन की है, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े चुम्बकों के सहारे नदी की गहराई में भी ढूंढा गया, लेकिन दोनों में से एक भी बस का पुर्जा भी नहीं मिला है। डीआईजी थापा ने बताया कि अंधेरा होने के कारण आज तलाशी का काम बन्द कर दिया गया है। कल सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन किया जाएगा। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल के 12 गोताखोर और 100 से अधिक सुरक्षाकर्मी को लगाया गया है।

Tags: Nepal