मध्यप्रदेश के प्रेम नारायण ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर फहराया तिरंगा

मध्यप्रदेश के प्रेम नारायण ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर फहराया तिरंगा

भोपाल, 10 मई (हि.स.)। ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों पर चढ़ाई करने का सपना तो अधिकांश युवा देखते हैं लेकिन ज्यादातर लोगों का यह सपना अधूरा रह जाता है लेकिन मध्य प्रदेश के भिंड जिले के 30 वर्षीय प्रेमनारायण ने गुरुवार को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर तिरंगा फहराने का कारनामा कर दिखाया है।

पर्वतारोही प्रेमनारायण अब तक देश के अलावा विदेशों में भी कई पर्वत चोटियों पर चढ़ाई कर चुके हैं। हाल में उन्होंने इसी क्रम में यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया है। समुद्र तल से 5642 मीटर ऊंची इस चोटी पर माइनस 35 डिग्री सेल्सियस तापमान में उन्होंने चार दिन और तीन रात में चढ़ाई पूरी की है।

प्रेम नारायण भिण्ड जिले के अटेर तहसील के कनेरा गांव के रहने वाले हैं। बचपन से ही उनका झुकाव खेलकूद की तरफ रहा है। वर्ष 2016 में उन्होंने विशाखापट्टनम में हुई नेशनल लांग जंप प्रतियोगिता में शामिल होकर सिल्वर मेडल जीता था। इसके बाद उन्हें माउंटेयरिंग कोर्स के बारे में पता चला। वर्ष 2022 में उन्होंने उत्तरकाशी में स्थित नेहरू इंस्टीट्यूट आफ माउंटेन में प्रवेश लिया और यहां 28 दिन का कोर्स करने के बाद उन्होंने अपना अभ्यास जारी रखा। इसके बाद प्रेमनारायण ने माउंटेन का एडवांस कोर्स दार्जिलिंग के इंस्टीटयूट से किया।

इससे पहले किलिमंजारो पर्वत पर कर चुके हैं चढ़ाई

प्रेमनारायण अक्टूबर, 2023 में अफ्रीका के किलिमंजारो पर्वत पर चढ़ाई कर चुके हैं। इस पर्वत की ऊंचाई समुद्र तल से 5895 मीटर है। प्रेमनारायण ने बताया कि उन्हें पर्वत पर चढ़ाई के लिए सात दिन का समय मिला था लेकिन उन्होंने तीन दिन में ही चढ़ाई पूरी कर ली थी।