क्रिकेट
बादशाहत की जंग में भारत का लचर प्रदर्शन
नागपुर। कप्तान महेंद्र सिंह धौनी की टीम इंडिया टेस्ट क्रिकेट में बादशाहत की जंग में पहले ही टेस्ट मुकाबले में डेल स्टेन [51/7] की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका के आक्रमण के सामने नतमस्तक हो गई है। फालोआन खेलने उतरी भारतीय टीम ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 66 रन बना लिए हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका [558 रन] की पहली पारी के आधार पर मेजबान 259 रन से पीछे है। वीरेंद्र सहवाग [109] के अलावा पहली पारी में विफल रहे भारतीय बल्लेबाजों की असफलता की कहानी दूसरी पारी में भी लिखी गई। गंभीर और सहवाग दोनों बल्लेबाज आज दो-दो बार आउट हुए। संकट में फंसी टीम को सचिन तेंदुलकर [15] और मुरली विजय [27] से काफी आस है। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी हो चुकी है। दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज गंभीर [1] और सहवाग [16] सस्ते में ही पवेलियन लौट गए। इससे पूर्व डेल स्टेन की कहर बरपाती गेंदबाजी ने पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस करते हुए भारत की पहली पारी को 233 रन पर समेट कर फालोआन के लिए मजबूर कर दिया। भारत की ओर से सिर्फ सहवाग ने ही तेज गेंदबाजी का सामना कर सके और संयम से खेलते हुए सर्वाधिक 109 रन बनाए। सहवाग के अलावा एस बद्रीनाथ ने 56 रन का योगदान दिया। कल के नाबाद बल्लेबाज गंभीर और सहवाग की जोड़ी को मोर्केल ने जल्द तोड़ दिया। कल 12 रन बनाकर नाबाद लौटे गंभीर आज मोर्केल की पहली ही गेंद पर विकेट के पीछे मार्क बाउचर को कैच दे बैठे। इसके बाद स्टेन ने अपनी तूफानी गेंदबाजी का जलवा दिखाते हुए विजय [4] और तेंदुलकर [7] को चलता किया। स्टेन ने विजय को बोल्ड किया जबकि सचिन बाउचर के हाथों लपके गए। टीम को लगे लगातार झटकों के बाद सहवाग ने बद्रीनाथ के साथ मिलकर लंच के विश्राम तक 101 गेंदों पर 63 रन की साझेदारी करके थोड़ी राहत पहुंचाई। सहवाग ने 70 गेंदों पर सात चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। बद्रीनाथ ने एक छोर पर डटकर खेलते हुए सहवाग का बखूबी साथ निभाया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 136 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाले में अहम भूमिका निभाई। सहवाग ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा और टेस्ट करियर में अपना 18वां शतक पूरा किया। हालांकि शतक बनाने के बाद वह तेजी से खेलने के चक्कर में वायेन पार्नेल की गेंद पर डुमनी के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 212 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से 109 रन की शानदार पारी खेली। चायकाल के बाद भारत की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 12 रन के अंदर सिमट गई। तीसरे सत्र में खेलने आए धौनी को हैरिस ने कालिस के हाथों लपकवाकर चलता किया जबकि बद्रीनाथ [56], रिद्धीमान साहा [0], जहीर खान [2], अमित मिश्रा [0] और हरभजन सिंह [8] को स्टेन ने आउट करके भारत को फालोआन के लिए मजबूर कर दिया। स्कोर बोर्ड पहला टेस्ट, तीसरा दिन दक्षिण अफ्रीका पहली पारी छह विकेट पर 558 रन [पारी घोषित] भारत पहली पारी 233 पर आल आउट गंभीर का बाउचर बो मोर्केल 12 सहवाग का डुमनी बो पार्नेल 109 एम विजय बो स्टेन 4 तेंदुलकर का बाउचर बो स्टेन 7 बद्रीनाथ का प्रिंस बो स्टेन 56 धौनी का कालिस बो हैरिस 6 रिद्धीमान बो स्टेन 0 हरभजन एलबीडब्लयू बो स्टेन 0 जहीर बो स्टेन 2 मिश्रा बो स्टेन 0 ईशांत नाबाद 0 अतिरिक्त: 29 विकेट पतन: 1-31, 2-40, 3-56, 4-192, 5-221, 6-221, 7-222, 8-226, 9-228। गेंदबाजी स्टेन 16.4-6-51-7 मोर्केल 15-4-58-1 हैरिस 17-2-39-1 पार्नेल 7-1-37-1 कालिस 6-0-14-0 डुमनी 3-0-20-0 भारत दूसरी पारी दो विकेट पर 66 रन गंभीर बो मोर्केल 1 सहवाग का स्मिथ बो स्टेन 16 विजय खेल रहे 27 तेंदुलकर खेल रहे 15 अतिरिक्त: 7 विकेट पतन: 1-1, 2-24। गेंदबाजी स्टेन 4-0-14-1 मोर्केल 6-2-21-1 पर्नेल 2-0-12-0 हैरिस 7-3-12-0 कालिस 4-2-5-0
|