खेल
विवादों में घसीटने की बजाए टीम की हौसला अफ
नई दिल्ली । भारतीय हॉकी टीम केराष्ट्रीय कोच ने हॉकी टीम से संबंधित उठ रहे विवादों पर स्थिति स्पष्ट की है। मुख्य कोच जोस ब्रासा से मतभेद और कप्तानी को लेकर विवाद की खबरों का पुरजोर खंडन करते हुए भारतीय हाकी टीम के राष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह ने आग्रह किया है कि अपनी सरजमीं पर हो रहे विश्र्व कप से पहले टीम को विवादों में घसीटने की बजाय उसकी हौसलाअफजाई की जाए। हरेंद्र ने कहा, 'यह सब मीडिया द्वारा पैदा की गई मनगढंत बातें हैं। ब्रासा से मेरे कोई मतभेद नहीं हैं बल्कि मैं पहले दिन से ही विदेशी कोच को लाने का पक्षधर रहा हूं। यदि इन खबरों में सच्चाई होगी तो मैं उसी क्षण इस्तीफा दे दूंगा। मैं और ब्रासा एक ही लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं।' राजपाल सिंह की जगह प्रभजोत सिंह को कप्तान बनाने की ब्रासा की घोषणा और हाकी इंडिया द्वारा राजपाल की कप्तानी बरकरार रखने के मद्देनजर मीडिया के कुछ हलकों में इस आशय की भी खबरें थी कि दोनों कोचों के बीच मतभेद का असर टीम की तैयारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, 'विश्र्व कप से पहले भारतीय हाकी के बारे में तमाम नकारात्मक बातें लिखी जा रही है जो सही नहीं है। इससे टीम को नुकसान होगा। मैं अपील करता हूं कि सकारात्मक पहलुओं पर लिखें। सूत्रों के हवाले से खबर लिखने की बजाय उस व्यक्तिका नाम दें जो कोचों और खिलाड़ियों में मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहा है।' उन्होंने कहा, 'टीम ड्रेसिंग रूम में माहौल बहुत अच्छा है और सभी खिलाड़ियों का पूरा ध्यान २८ फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट पर है। मैं खिलाड़ियों और पूरे सहयोगी स्टाफ का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने अपनी एकाग्रता नहीं खोई है। सभी का ध्यान विश्र्व कप की तैयारियों पर है और हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं।' कप्तानी विवाद के बारे में हरेंद्र ने कहा, 'हाकी इंडिया ने राजपाल को कप्तान बनाया है। इसे लेकर विवाद अब बेमानी है। हम देखते हैं कि यह मसला कैसे जल्दी सुलझाया जाता है। खिलाड़ियों के बीच इसे लेकर कोई द्वेष नहीं है।'
|