क्रिकेट
कीवियों ने बांग्लादेश को ५ विकेट से हराया
डुनेडिन। न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश की टीम केखिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा वनडे मैच अपने खाते में कर लिया। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद रॉस टेलर (७६) की धुंआधार बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने आज यहां दूसरे एकदिवसीय में बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में २-० की अपराजेय बढ़त बना ली। बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टेलर ने ५२ गेंदों पर पांच छक्के और छह चौके की मदद से ७८ रन बनाकर १८४ रन के आसान लक्ष्य को पाने में अहम भूमिका निभायी। इससे पहले न्यूजीलैंड टीम के कप्तान डेनियल विटोरी ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। तेज गेंदबाजों इयान बटलर और एंडी मैके की अगुआई में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मात्र ४६ पर विपक्षी टीम के छह विकेट निकालकर अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। इसके बाद सातवें विकेट के लिए नसीम इस्लाम (४३) और विकेटकीपर मुशफकिर रहीम (८६) के बीच शतकीय साझेदारी के कारण बांग्लादेश की टीम नाक बचा पायी। उसके छह बल्लेबाज तो दहाई अंक में भी नहीं पहुंच पाया। मुशफकिर और नसीम के अलावा कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं सका। न्यूजीलैंड की ओर से बटलर ने तीन और मैके ने दो विकेट झटके। डरेल टफी को एक विकेट मिला जबकि दो बांग्लादेशी बल्लेबाज रन आउट हुए। जबाव में खेलने उतरी न्यूजीलैंड टीम को दूसरे ओवर में ही शुरूआती झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कुलम मात्र नौ रन के निजी योग पर शफीउल इस्लाम की गेंद पर बोल्ड हो गये। इसके बाद पीटर इंग्राम (२८) और मार्टिन गुपटिल (३२) ने पारी को संभाला। दसवें ओवर में ५२ के कुल स्कोर पर गुपटिल और १९वें ओवर में १०० के कुल स्कोर पर इंग्राम पवेलियन लौट गये। इसके बाद टेलर और जेम्स ड्ड्रैंकलिन की टीम ताबड़तोड़ शॉट की बरसात करते हुए टीम को विजयी लक्ष्य तक ले गयी। बांग्लादेश की ओर से शफीउल इस्लाम ने तीन और रकीबुल हुसैन ने दो विकेट लिये लेकिन इनकी पिटाई भी जमकर हुई। शफीउल ने सात ओवर में ४९ और रकीबुल ने ९.३ ओवर में ६८ रन दिए। टेलर को 'मैन आफ द मैच' चुना गया।
|