ताजा समाचार
मिजोरम सरकार को सेना ने चेताया
गुवाहाटी । सेना ने मिजोरम सरकार को चेताया है कि राज्य में म्यांमार से होने वाले अवैध अप्रवास को रोका जाए नहीं तो आगे चलकर सुरक्षा के लिए समस्या खड़ी हो जाएगी। तीसरी कोर के जनरल अफीसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एनके सिंह ने नागालैंड के रंगापहाड़ स्थित कोर मुख्यालय में कहा कि उन्होंने म्यांमार से राज्य में हो रहे लोगों के अवैध प्रवास के मामले को मिजोरम के मुख्यमंत्री ललथनहवला के समक्ष उठाया है और उनसे कहा है कि इस तरह का अवैध प्रवास राज्य की सुरक्षा के लिए ठीक नही है और इसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत-म्यांमार सीमा पर लोगों की हलचल को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। जिससे अवांछित लोगों के प्रवेश को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति के और बेरोकटोक की आवाजाही से बड़ी संख्या में लोग भारत में प्रवेश के इच्छुक हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल राज्य सरकार का आंकड़ा बताता है कि जरूरी दस्तावेज के बिना म्यांमार के १६२ लोगों को वापस भेजा गया। उन्होंने कहा कि मणिपुर से लगी भारत-म्यांमार सीमा पर फ्रेंसिंग का काम शुरू हो चुका है और मिजोरम मं इसे जल्द शुरू किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि नागालैंड सरकार नागालैंड म्यांमार सीमा पर फ्रेंसिंग को लेकर खास उत्साहित नहीं दिखती।
|