इंटरनेशनल
हथियारों की तस्करी में शामिल था जिया का बे
ढाका। बांग्लादेश में अब तक के सबसे बड़े हथियार घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का पुत्र तारिक रहमान असम में उल्फा के लिए हथियारों की निष्फल तस्करी में शामिल था। सूत्रों ने पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा है कि हथियारों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हफीजुर रहमान ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दावा किया कि एक अप्रैल 2004 को तारिक रहमान ने हवा भवन में उल्फा नेता परेश बरूआ के साथ मुलाकात की थी। अधिकारियों ने बताया हफीज ने मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने इकबालिया बयान में खालिदा जिया की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अगुवाई वाली पूर्व गठबंधन सरकार के कई महत्वपूर्ण लोगों का नाम लिया। इसमें खुफिया और प्रशासनिक अधिकारियों के भी नाम शामिल हैं। हफीज का यह इकबालिया बयान 43 पृष्ठों का है। तीन दिन तक हिरासत में उससे पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान उसने मजिस्ट्रेट को बताया कि हवा भवन में बरूआ की सुरक्षा का जिम्मा उसके पास था। हफीज के बयान का हवाले देते हुए अधिकारी ने बताया कि परेश बरूआ ने मुझे बाहर छोड़ कर हवा भवन में प्रवेश किया और तारिक रहमान से मुलाकात की। बीएनपी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तारिक रहमान के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले चल रहे हैं। उनके खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। रहमान अभी लंदन में हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि वह वहां इलाज करा रहे हैं। हफीज तीन दिन पहले तीन दिन के अपनी हिरासत के अंतिम दिन मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट महबूबुर रहमान के समक्ष इकबालिया बयान देने पर सहमत हो गया था। इसके बाद मजिस्ट्रेट ने आरोपी का बयान दर्ज किया था। जांच अधिकारी मोहम्मद मोनिरूज्जमां ने रविवार को कहा था कि हफीज के हालिया इकबालिया बयान से जांच में एक 'बड़ी प्रगति' की संभावना है। इस मामले में दो साल पहले दोबारा जांच के आदेश दिए गए थे। अधिकारियों ने हालांकि यह भी कहा कि हथियारों की खेप की तस्करी कहां से होती थी इसकी जानकारी आरोपी ने नहीं दी।
|