गुजरात की 4 लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली बुलाए गए मुख्यमंत्री

प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल भी जाएंगे दिल्ली

गुजरात की 4 लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के चयन के लिए दिल्ली बुलाए गए मुख्यमंत्री

अहमदाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। भाजपा ने केन्द्रीय स्तर पर लोकसभा उम्मीदवारों की दो सूची जारी की है जिसमें गुजरात की 22 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। बाकी की 4 सीटों पर मंथन जारी है। भाजपा आलाकमान ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल को दिल्ली बुलाया है। माना है इन चारों सीटों पर इन दो नेताओं से चर्चा के बाद उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए जाएंगे। भाजपा के केन्द्रीय नेताओं के साथ मीटिंग के बाद गुजरात में होने वाले विधानसभा की 5 सीटों के उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की सूची जारी की है जबकि 4 नामों पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। पार्टी आलाकमान ने इसके लिए पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल को दिल्ली बुलाया है। बताया जा रहा है कि इन चारों सीट पर पार्टी नए चेहरों को मौका देगी, वहीं दो महिला उम्मीदवार भी उतारे जा सकते हैं। जूनागढ़, सुरेन्द्रनगर, मेहसाणा और अमरेली लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों का चयन बाकी है। कांग्रेस ने अभी तक 26 में से महज 7 सीटों पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा की है।

कांग्रेस के साथ गठबंधन के कारण आम आदमी पार्टी के खाते में दो सीट गई है, पार्टी ने दोनों सीट भावनगर से उमेश मकवाणा और भरुच से चैतर वसावा का नाम पहले ही घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने कच्छ, बनासकांठा, अहमदाबाद पश्चिम, अहमदाबाद पूर्व, पोरबंदर, वलसाड और बारडोली सटी पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। चुनाव आयोग ने राज्य की खाली 6 विधानसभा सीट में से 5 सीट पर उप चुनाव की तारीख की घोषणा की है। इनमें विजापुर, पोरबंदर, माणावदर, खंभात और वाघोडिया सीट पर लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा का भी उपचुनाव होगा। विसावदर सीट पर उप चुनाव की घोषणा नहीं की गई है।

Tags: Ahmedabad