मोदी का कटाक्ष : राहुल राष्ट्रीय नहीं अंतर्राष्ट्रीय नेता

राजकोट। मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्म दिवस पर आयोजित समारोह में राहुल गांधी को राष्ट्रीय नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय नेता बताते हुए कांग्रेस पर कड़े प्रहार किए।
राजकोट में आयोजित युवा विकास परिषद में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्म दिवस के मौके पर युवकों का स्वामी विवेकानंद के जीवन संदेश के जरिए विश्व को नई पहचान देने का आह्वान किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देश की दुर्दशा के लिए कांग्रेस की केन्द्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी की नरेन्द्र मोदी से तुलना नहीं की जा सकती, कांग्रेस के एक नेता के इस बयान का जिक्र करते हुए मोदी ने हसते हुए व्यंग्य किया कि वे इस बात से ५० प्रतिशत सहमत हैं। मोदी ने कहा कि वे केवल गुजरात के नेता हैं और छह करोड़ गुजराती ही उनका सर्वस्व हैं, जिनके लिए वे फना हो जाएंगे और इसका उन्हें गर्व भी है। लेकिन कांग्रेस के नेता की पंक्ति के दूसरे भाग पर असहमति जताई कि राहुल गांधी राष्ट्रीय नेता हैं।
मोदी ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय नहीं बल्कि एक अंतर्राष्ट्रीय हैं। क्योंकि वे भारत के साथ इटली में भी चुनाव लड़ सकते हैं, ऐसी उन्हें मंजूरी मिली है। इसलिए राहुल गांधी एक अंतर्राष्ट्रीय नेता हैं। मोदी की राहुल गांधी के प्रति ऐसी व्यंगात्मक टिप्पणी से कांग्रेसी नेता आगबबूला हो उठे हैं और प्रदेश कांग्रेस के कई नेता तो मुख्यमंत्री को इसका करारा जवाब देने का मन बना चुके हैं।
राजकोट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लंदन में सम्पन्न हुए ऑलंपिक खेलों में भारत को पदक दिलानेवाले गगन नारंग के अलावा क्रिकेट क्षेत्र में सौराष्ट्र को गौरवान्वित करनेवाले चेतेश्वर पुजारा और रवीन्द्र जाडेजा समेत कई खिलाड़ियों को सम्मानित किया। साथ ही अन्य कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

ये विडियो भी देखें

यह समाचार/आलेख शेयर करें

DeliciousDiggGoogleStumbleuponRedditTechnoratiYahooBloggerMyspace

इस समाचार/आलेख पर अपनी राय अवश्य दें...